Wednesday, November 9, 2016

जिलाधिकारी द्वारा 6 धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण


जिलाधिकारी एस.राजलिंगम ने जनपद के 6 धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में पाया कि इन सभी धान क्रय केन्द्रों पर अभी तक धान खरीद प्रारम्भ नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने आज से ही धान क्रय करने के निर्देश दिये। 

जिलाधिकारी ने मण्डी समिति परिसर में स्थित एफ. सी.आई तथा राज्य कर्मचारी कल्याण निगम तथा दूबेपुर ब्लाक अन्तर्गत मार्केटिंग के धान क्रय केन्द्र एवं पी.सी.एफ के अलीगंज, नरही व कटका खानपुर धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अलीगंज में पी.सी.एफ का धान क्रय केन्द्र बन्द पाया गया। शेष पांच क्रय केन्द्रों पर अभी तक धान की खरीद प्रारम्भ नहीं हुई है। उन्होनें पी.सी.एफ के प्रबन्धक का स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा अलीगंज क्रय केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये। 

जिलाधिकारी ने डिप्टी आर.एम.ओ. कमलेश कुमार को निर्देशित किया कि वे धान क्रय केन्द्रों से सम्बन्धित सभी जिला समन्वयकों/प्रबन्धकों की बैठक अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) की अध्यक्षता में आहूत करायें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी धान क्रय केन्द्र समय से खुले और किसानों से धान की खरीद की जाय। उन्होनें सभी क्रय एजेन्सियों के जिला प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने से सम्बन्धित सभी क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें। उन्होनें कहा कि क्रय केन्द्रों पर कांटा, नमी मापक यन्त्र , बोरे व धनराशि के साथ किसानों की सुविधा के लिये पेयजल व छाये की व्यवस्था रहनी चाहिए। 

इस मौके पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आर.एम.ओ. से धान खरीद की जानकारी ली। डिप्टी आर.एम.ओ ने बताया कि जिले में कुल 41 धान क्रय केन्द्र स्थापित हैं। जिसमें विपणन शाखा के 9, पी.सी.एफ के 10, राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के एक, यू.पी.पी.सी.यू के एक ,एफ.सी.आई के 2 तथा प्राइवेट प्लेयर्स के 18 क्रय केन्द्र हैं। 

जिलाधिकारी के निरीक्षण के समय संयुक्त मजिस्ट्रेट पवन अग्रवाल ,जिला सूचना अधिकारी आर.बी.सिंह ,वरिष्ठ विपणन निरीक्षक ज्ञान प्रकाश वर्मा व सम्बन्धित उपस्थित थे। 

दीपांकुश चित्रांश (दीपू ) की रिपोर्ट 

No comments: